गोपालगंज, 9 अक्तूबर (निज संवाददाता) जिले के बैकुंठपुर थाने के राजापट्टी बाजार में एक निजी क्लिनिक में बुधवार को भर्ती गर्भवती महिला की ऑपरेशन के बाद उसकी मौत इलाज के क्रम में पटना में हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही व हालात बिगड़ने पर पटना रेफर करने का आरोप लगाया है। वही मौत की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज जांच में जुट गई। जबकि डॉक्टर मौके की नजाकत को समझते हुए क्लिनिक बंद कर फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार छपरा जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के बिजौली गांव निवासी राजेश कुमार की 25 वर्षीय पत्नी ममता देवी चार माह से गर्भवती थी। चार दिनों पूर्व 5 अक्टूबर को उसके पेट में दर्द महसूस हुआ। जिसके बाद उसका पति राजेश कुमार डॉक्टर के पास ले जा रहा था तभी कुछ दलाल उसके पीछे लग गए और उसे राजा पट्टी स्थिति निजी नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया। इस दौरान डॉक्टर ने बच्चादानी खराब होने की बात कहकर उसका ऑपरेशन कर दिया। जिसके एवज में 30 हजार रुपया पीड़ित परिवार से लिया। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति ज्यादा बिगड़ गई।महिला के पति राजेश ने बताया कि जब उसकी स्थिति खराब होने लगी तब डॉक्टर ने खुद की गाड़ी से पटना के कंकड़बाग स्थिति एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती करा कर फरार हो गया। इस दौरान अस्पताल के तरफ से डेढ़ लाख रुपए खर्च का बिल बनाकर दिया गया। बावजूद वह बच नहीं सकी और उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद डेढ़ लाख चुकाने के बाद शव को जब लेकर राजापट्टी पहुंचे तो डॉक्टर अपने क्लिनिक में ताला बंद कर फरार हो चुका था। फिलहाल परिजनों द्वारा किए गए हंगामे के बाद सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत करा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों के फर्द बयान के बाद मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। बताया जाता है कि ममता की शादी वर्ष 2017 में हुई थी। जिसे एक 4 साल की बच्ची भी है। पति स्टील कंपनी में काम करता हैं।

