पटना, 14 अक्तूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव से पहले वारिसनगर सीट पर बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला है। जन सुराज पार्टी की दूसरी सूची में नाम न आने से नाराज़ शिवाजीनगर प्रखंड के परसा पंचायत निवासी व प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार ने पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है और अब वे निर्दलीय चुनाव लड़ने जा रहे हैं।सोमवार शाम डॉ. गोविंद के आवासीय परिसर में बने जन सुराज कार्यालय पर समर्थकों ने ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बैनर-पोस्टर फाड़े गए और प्रशांत किशोर का पुतला जलाया गया। ‘प्रशांत किशोर मुर्दाबाद’ और ‘जन सुराज हाय-हाय’ के नारे गूंजे।

डॉ. गोविंद ने कहा कि वर्षों की मेहनत के बावजूद उन्हें नजरअंदाज़ किया गया। उन्होंने प्रशांत किशोर और आरसीपी सिंह पर कार्यकर्ताओं को छलने का आरोप लगाया और कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ़ दिखावा था।वारिसनगर में 6 नवंबर को मतदान है और डॉ. गोविंद का निर्दलीय उतरना राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। समर्थकों का दावा है कि उनका जनाधार मज़बूत है और वे चुनाव में बड़ा उलटफेर कर सकते हैं।

