नई दिल्ली, 18 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) राजधानी के विशंभर दास रोड स्थित ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस अपार्टमेंट में सांसदों के आवास स्थित हैं। आग पार्किंग एरिया में पड़े कबाड़ में लगी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और सातवीं व आठवीं मंजिल तक फैल गई। हादसे में तीन लोगों के झुलसने की जानकारी मिली है, जबकि तीन अन्य को सुरक्षित बचाया गया है।

जानकारी के अनुसार, अपार्टमेंट के सीपीडब्ल्यूडी पार्किंग क्षेत्र में कूड़े-कबाड़ में आग लगी थी, जो तेजी से ऊपर की छह मंजिलों तक पहुंच गई। शुरुआत की तीन मंजिलों में सर्वेंट क्वार्टर हैं, जबकि ऊपर सांसदों के फ्लैट हैं।
दमकल की कई गाड़ियां और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और आग बुझाने का काम जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां करीब आधे घंटे की देरी से पहुंचीं। इतना ही नहीं, अपार्टमेंट में आग बुझाने की व्यवस्था पूरी तरह फेल रही, पाइपलाइन में पानी तक नहीं था।
हालांकि फिलहाल किसी की मौत की खबर नहीं है, लेकिन हादसे ने सांसदों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अग्निकांड की वजह से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।

