नई दिल्ली, 19 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के मौके पर चलाई जा रही फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन पर शनिवार देर रात पथराव की घटना सामने आई। अहमदाबाद से दरभंगा जा रही इस ट्रेन पर कानपुर के भीमसेन स्टेशन के आउटर सिग्नल पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। पथराव के चलते ट्रेन के इंजन का शीशा टूट गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के समय ट्रेन आउटर पर खड़ी थी, तभी अचानक कुछ शरारती युवकों ने बाहर से पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। ड्राइवर ने तुरंत इंजन की विंडो बंद कर कंट्रोल रूम को सूचना दी और ट्रेन को आगे बढ़ने से रोक दिया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
भीमसेन स्टेशन मास्टर की शिकायत पर RPF ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों की संख्या आधा दर्जन से अधिक थी। पथराव करने वालों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गश्त बढ़ा दी गई है।
रेलवे प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लिया है और ट्रेनों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजामों के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या स्टेशन मास्टर को दें, ताकि त्योहारी यात्रा सुगम और सुरक्षित रह सके।

