नई दिल्ली, 19 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) आपने कभी किसी ऐसे शहर की कल्पना की है, जो पूरी तरह से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा संचालित हो? केरल सरकार इस कल्पना को हकीकत में बदलने जा रही है। शनिवार को राज्य के उद्योग मंत्री पी. राजीव ने इन्फोपार्क फेज-3 की योजना का खुलासा किया, जिसे भारत की पहली AI कंट्रोल सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य न सिर्फ तकनीकी क्षेत्र में एक क्रांति लाना है, बल्कि केरल को वैश्विक टेक हब के रूप में स्थापित करना भी है।

इन्फोपार्क फेज-3 को एक ऐसे अत्याधुनिक शहर के रूप में डिजाइन किया गया है, जहां हर जरूरी सेवा चाहे वह ट्रांसपोर्ट हो, वेस्ट मैनेजमेंट, सुरक्षा या जल प्रबंधन AI की मदद से संचालित होगी। इस सिटी का सबसे खास फीचर होगा ‘सिटी ब्रेन’ नामक एक इंटेलिजेंट कंट्रोल सिस्टम, जो सेंसर और कैमरों से डेटा इकट्ठा करेगा, उसका विश्लेषण करेगा और शहर के संचालन में सहायता करेगा। यह सिस्टम समय के साथ खुद को और बेहतर बनाता रहेगा।
यह शहर पारंपरिक IT पार्क से अलग होगा, क्योंकि इसमें IT सुविधाओं के साथ-साथ आवासीय क्षेत्र, बिजनेस हब, स्कूल, अस्पताल, एम्फीथिएटर, मल्टी-लेवल पार्किंग और हरित क्षेत्र भी होंगे। एक केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म सभी सेवाओं को मॉनिटर और मैनेज करेगा, जिससे समस्याओं की पहचान और समाधान तुरंत हो सकेगा।
AI तकनीक के माध्यम से यह सिटी पर्यावरण के लिए भी अनुकूल होगी। शहर को कार्बन नेगेटिव बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। वर्षा जल संचयन, जल पुन: उपयोग, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट और कचरा प्रबंधन AI आधारित सिस्टम से किया जाएगा। एडवांस सर्विलांस सिस्टम से सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना में करीब ₹25,000 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है, जिससे लगभग 2 लाख प्रत्यक्ष और 6 लाख अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मंत्री पी. राजीव के अनुसार, इस सिटी के माध्यम से केरल कई वैश्विक टेक कंपनियों को आकर्षित करेगा, जो यहां अपने स्थापित कर सकती हैं।
यह कदम न केवल केरल बल्कि पूरे भारत के तकनीकी भविष्य को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है।

