समस्तीपुर, 20 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है और निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर सभी थानों में गुंडा परेड का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को मुफस्सिल थाना परिसर में गुंडा परेड का आयोजन किया गया।

इस परेड में थाना के गुंडा पंजी में दर्ज 19 व्यक्तियों को बुलाया गया। मौके पर थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद ने सभी को सख्त हिदायत दी कि वे चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से दूर रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि मतदान प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने या शांति भंग करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि जिले में प्रथम चरण का मतदान आगामी 6 नवम्बर को होना है। अब तक जिले में 128 लोगों पर सीसीए के तहत कार्रवाई की गई है, जबकि 10,238 लोगों के विरुद्ध बीएनएस 135 के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।

