नई दिल्ली, 21 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड की डांसिंग क्वीन माधुरी दीक्षित और किंग खान शाहरुख खान की जोड़ी ने 1994 में एक ऐसी फिल्म दी, जो भले ही बॉक्स ऑफिस पर औसत रही, लेकिन इसके गाने और कहानी ने दर्शकों का दिल जीत लिया। फिल्म का सबसे चर्चित गाना ‘जोरा-जोरी चने के खेत में…’ आज भी दर्शकों की जुबां पर रहता है।

इस 6 मिनट के रोमांटिक गाने को पूर्णिमा श्रेष्ठ ने अपनी आवाज दी थी, और समीर के लिखे बोलों पर माधुरी दीक्षित ने अपनी अदाओं का ऐसा जादू चलाया कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
फिल्म 22 अप्रैल 1994 को रिलीज हुई थी और इसका निर्देशन राहुल रवैल ने किया था। शाहरुख खान ने इस फिल्म में एक निगेटिव रोल निभाया था, जिसमें भी उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया।
आनंद-मिलिंद की जोड़ी ने फिल्म का संगीत तैयार किया था, जो उस समय बेहद लोकप्रिय हुआ। यह फिल्म माधुरी और शाहरुख की शुरुआती फिल्मों में से एक थी, जिसने उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को अमर कर दिया।

