समस्तीपुर, 21 अक्टूबर (निज संवाददाता) पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल ने छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक कार्य योजना लागू की है। मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर भीड़ प्रबंधन, टिकटिंग, सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया से मलबा हटाकर सफाई की गई है, गड्ढों की मरम्मत और फ्लोरोसेंट बोर्ड से सुरक्षा घेराबंदी की गई है। सभी प्रतीक्षालयों में पर्याप्त जल व प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। छठ घाटों के पास रेलवे ट्रैक की घेराबंदी की गई है।
अतिरिक्त टिकट काउंटर, मोबाइल यूटीएस, हेल्प बूथ और ‘मे आई हेल्प यू’ केंद्र शुरू किए गए हैं। भीड़ के नियंत्रण हेतु अलग प्रवेश/निकास मार्ग और प्रमुख स्टेशनों पर विशेष ट्रेनों की समय-सारणी प्रदर्शित की गई है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए व्हीलचेयर की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
प्रमुख स्टेशनों पर अस्थायी सीसीटीवी कैमरे, 24×7 आरपीएफ नियंत्रण कक्ष, मेगा माइक, और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। यात्रियों को असुरक्षित वस्तुओं से सतर्क रहने की लगातार घोषणाएं की जा रही हैं।
विशेष परिस्थिति में अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव, इमरजेंसी रेक की उपलब्धता, चिकित्सा बूथ और पालीवार डॉक्टरों की तैनाती भी की गई है।
समस्तीपुर मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और शांतिपूर्ण यात्रा का अनुभव देने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

