बक्सर, 22 अक्टूबर (विक्रांत) आगामी 6 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर नगर परिषद क्षेत्र की रामगुलाम रावत गली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 153 पर बुधवार को मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन महिला पर्यवेक्षिका प्रतिभा यादव की देखरेख में हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य मतदान प्रतिशत में वृद्धि सुनिश्चित करना था।

इस अवसर पर केंद्र की सेविका पुष्पा देवी, मीना कुमारी, नीलम कुमारी सहित पोषक क्षेत्र की दर्जनों महिलाएं व किशोरियाँ मौजूद रहीं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को मतदान प्रक्रिया, उसके महत्व और हर वोट की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

महिला पर्यवेक्षिका प्रतिभा यादव ने कहा कि हर मतदाता का वोट देश और समाज के भविष्य को तय करता है। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे मतदान के दिन न सिर्फ स्वयं वोट दें, बल्कि अपने परिवार के सभी वयस्क सदस्यों को भी मतदान केंद्र तक ले जाएं।
सेविका पुष्पा देवी ने कहा कि ऐसे अभियान लोकतांत्रिक चेतना को बढ़ाते हैं। महिलाओं ने “पहले मतदान, फिर जलपान” और “छोड़ो सारे काम, पहले करें मतदान” जैसे नारों से उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का समापन सभी द्वारा शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लेकर किया गया।

