समस्तीपुर, 23 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला सूचना भवन, समस्तीपुर में मीडिया प्रबंधन कोषांग की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नोडल पदाधिकारी-सह-जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय ने की।बैठक में मीडिया और स्वीप गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी चुनावी चरणों के लिए रणनीति तय की गई।

राय ने निर्देश दिया कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सतत निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक या आचार संहिता उल्लंघनकारी सामग्री के प्रकाशन को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के राजनीतिक विज्ञापन, पेड न्यूज व प्रचार सामग्री का विश्लेषण कर संबंधित व्यय का रिकॉर्ड रखा जाएगा और रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी।जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देशों का हवाला देते हुए श्री राय ने कहा कि मतदाताओं तक तथ्यात्मक, निष्पक्ष व विश्वसनीय सूचनाएं पहुंचाना मीडिया का प्राथमिक दायित्व है। मिथ्या रिपोर्टिंग या भ्रामक जानकारी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बताया गया कि जिले के सभी सक्रिय सोशल मीडिया अकाउंट्स की निगरानी लगातार जारी है।बैठक के अंत में सभी सदस्यों को सजगता व निष्ठा से कार्य करने के निर्देश दिए गए। मौके पर सहायक नोडल पदाधिकारी अनुष्का श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी एवं मीडिया समन्वयक उपस्थित रहे।

