समस्तीपुर, 23 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) छठ महापर्व को लेकर रोसड़ा नगर परिषद क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर हैं। बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर घटने से नदी किनारे दलदल बन गया है, जिससे नदी में उतरना व्रतियों के लिए असुरक्षित हो गया है। इसको ध्यान में रखते हुए नगर परिषद प्रशासन ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी अस्थायी घाटों पर बैरिकेडिंग कर उन्हें “खतरनाक” घोषित कर दिया है।

सुरक्षित पूजा के लिए लगभग 10 पुराने तालाबों की सफाई कर गाद निकासी की गई है और उनमें स्वच्छ जल भरवाया गया है। इसके अलावा, कृत्रिम पोखरे भी बनाए गए हैं जहां व्रती सुरक्षित रूप से सूर्य अर्घ्य दे सकेंगे।
पूर्व चेयरमैन एवं वार्ड पार्षद श्याम बाबू सिंह ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और व्रतियों को कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने पूजा संबंधित समस्याओं के समाधान का भरोसा भी दिलाया।
सफाई, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी और कचरा प्रबंधन के लिए 150 से अधिक मजदूर जुटाए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि छठ पूजा में सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

