गोपालगंज, 25 अक्तूबर (निज संवाददाता) जिले के मांझागढ़ थाने के धोबवलिया गांव में शनिवार को वोट देने एवं न देने को लेकर दो पक्षों में हुई विवाद मारपीट व चाकूबाजी में दोनों पक्ष से पांच लोग घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया,जहां डॉक्टरों की देख-रेख में सभी का इलाज चल रहा है। घायलों में धोबवलिया गांव के कृष्णा साह,धर्मेंद्र साह व देवेंद्र साह शामिल है। वही दूसरे पक्ष से लालबाबू साह व एक अन्य घायल हो गए।

मामलें में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि घटना में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। वही घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में एक प्रत्याशी प्रचार करने पहुंचे थे। उनके जाने के बाद ग्रामीणों के बीच किसे वोट देना है और किसे नहीं, इसे लेकर आपसी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहा सुनी हिंसक झड़प में बदल गई और एक पक्ष के लोगों ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें एक पक्ष से तीन जबकि दूसरे पक्ष से 2 लोग घायल हो गए।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि पट्टीदार दबाव बनाकर एक विशेष प्रत्याशी को वोट देने की बात कह रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। इसी दौरान उसमें से एक ने चाकू निकाल कर वार कर दिया। जिसमें पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मांझा सीएचसी लाया गया जहां सभी को डॉक्टरों ने इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां सबकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही माझागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटना में शामिल लाल बाबू साह को गिरफ्तार कर लिया है। वही अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।

