समस्तीपुर, 25 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) आगामी छठ महापर्व को लेकर समस्तीपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। शनिवार को जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने जिला मुख्यालय स्थित बुढ़ी गंडक नदी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और जलस्तर की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी घाटों पर स्वच्छता, पेयजल, रोशनी और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम अधिकारियों को उन्होंने घाटों की निरंतर सफाई और मलबा हटाने के निर्देश दिए। साथ ही छठव्रतियों के आने-जाने के रास्तों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा बलों की तैनाती का आदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, नगर निगम के अधिकारी और संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। डीएम कुशवाहा ने कहा, “छठ बिहार की आस्था का महापर्व है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

