गोपालगंज, 28 अक्तूबर (निज संवाददाता) जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के देवापुर जाफर टोला गांव में वाहन जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वाहन जांच से नाराज एक युवक ने दरोगा को ठोकर मार दिया। जिसमें उक्त दारोगा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल दरोगा को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।

घायल दरोगा पटना जिले के निवासी व मांझागढ़ थाने में तैनात श्री कांत प्रसाद है। वही पुलिस ने उक्त युवक गिरफ्तार करते हुए बाइक को जब्त कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मांझागढ़ देवापुर जाफर टोला गांव के समीप पुलिस टीम को छठ पर्व को लेकर विभिन्न जगहों पर तैनात किया गया था। इसी क्रम में एक बाइक सवार को दरोगा ने रुकने का इशारा किया और कागजात दिखाने को कहा। आवश्यक पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया।

जिसके बाद आक्रोशित युवक बाइक से घर गया और दुबारा मौके पर बुलेट लेकर पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात दरोगा को जोर से धक्का मार फरार हो गया। धक्का लगते ही दरोगा संतुलन खो बैठे और जमीन पर गिर पड़े,जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल दरोगा को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। इस हमले के बाद बाइक सवार को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और जानलेवा हमला करने का मामला पुलिस ने मांझा गढ़ थाने में दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

