समस्तीपुर, 29 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र मतदाताओं में जागरूकता फैलाने हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देशानुसार बुधवार को समाहरणालय परिसर से एक भव्य कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वीप (SVEEP) अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व नोडल पदाधिकारी सह एनडीसी रजनीश कुमार राय एवं डीपीओ आईसीडीएस ने संयुक्त रूप से किया।

कैंडल मार्च समाहरणालय परिसर से प्रारंभ होकर पटेल गोलंबर होते हुए पटेल मैदान तक निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने “लोकतंत्र के पर्व में सबकी भागीदारी” और “मतदान है हमारा अधिकार” जैसे नारों से शहर का माहौल मतदाता जागरूकता के संदेशों से गूंज उठा दिया।
मौके पर स्वीप कोषांग से जुड़े सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रतिभागियों के हाथों में जलती मोमबत्तियाँ और तख्तियाँ लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव 2025 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना और आम नागरिकों को लोकतंत्र में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना था।

