पटना, 30 अक्तूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच बुधवार को डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के मुरार खेल मैदान में जनतांत्रिक जनता दल के सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। पार्टी प्रत्याशी दिनेश सिंह सूर्या के समर्थन में आयोजित इस रैली में हजारों की भीड़ उमड़ी।

अपने संबोधन में तेज प्रताप यादव ने कहा, “जो शिक्षित होगा वही बिहार को आगे बढ़ाएगा। अशिक्षित नेता जनता के लिए क्या कर सकता है?” उन्होंने आरोप लगाया कि कई नेता चुनाव के समय जनता से वादे तो करते हैं, पर जीत के बाद उन्हें भूल जाते हैं।
लालू प्रसाद यादव की शैली में बोलते हुए तेज प्रताप ने कहा, “हम दुश्मनों को बता देना चाहते हैं कि हम दूसरे लालू यादव हैं। लालू जी हमारे राजनीतिक गुरु हैं और उनकी विरासत को आगे बढ़ाना हमारा कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि कुछ “जयचंदों” ने उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर उन्हें पार्टी और परिवार से दूर करने की साजिश रची।
अपने चुनाव चिन्ह ‘ब्लैकबोर्ड’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “इसी ब्लैकबोर्ड पर बिहार की नई कहानी लिखी जाएगी।” तेज प्रताप ने कहा कि उनकी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में वास्तविक सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि “न विकास हुआ है, न जनता के मुद्दों पर ईमानदारी से लड़ाई।” सभा में बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं की मौजूदगी रही। तेज प्रताप ने कहा, “डुमरांव से उठी यह आवाज अब पूरे बिहार में बदलाव का संकेत है।” सभा में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। भीड़ के उत्साह ने संकेत दिया कि तेज प्रताप यादव की इस रैली ने चुनावी समीकरणों में नई हलचल पैदा कर दी है।

