नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (अशोक “अश्क”)भारतीय फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ इन दिनों पाकिस्तान के दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है। अजय देवगन और मृणाल ठाकुर स्टारर यह फिल्म पिछले पाँच हफ्तों से पाकिस्तान नेटफ्लिक्स के टॉप 10 में ट्रेंड कर रही है। आज यानी 30 अक्टूबर को यह फिल्म टॉप 10 की सूची में सातवें स्थान पर बनी हुई है।

गौर करने वाली बात यह है कि ‘सन ऑफ सरदार 2’ भारत में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई थी। फिल्म 1 अगस्त 2025 को रिलीज़ हुई थी और इसकी कमाई उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही। sacnilk.com के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर मात्र 46.82 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि दुनियाभर में इसकी कुल कमाई 65.75 करोड़ रुपये रही।
हालांकि भारत में दर्शकों ने इसे खास पसंद नहीं किया, लेकिन पाकिस्तान में इसका क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। दर्शक सोशल मीडिया पर भी फिल्म के डायलॉग्स और एक्शन सीक्वेंसेज़ की चर्चा कर रहे हैं। नेटफ्लिक्स के पाकिस्तानी प्लेटफॉर्म पर यह फिल्म पिछले महीने से लगातार टॉप 10 में अपनी जगह बनाए हुए है, जो किसी भारतीय फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
वहीं, पाकिस्तान नेटफ्लिक्स की टॉप 10 लिस्ट में फिलहाल नंबर 1 पर फिल्म ‘ग्रेटर कलेश’ है, जो दो हफ्तों से शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। भारतीय फिल्मों के लिए यह ट्रेंड इस बात का संकेत है कि बॉलीवुड का जादू सीमाओं के पार भी दर्शकों के दिलों पर छाया हुआ है।

