पटना, 31 अक्तूबर (पटना डेस्क) मौसम विभाग ने पटना समेत बिहार के 24 जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। गुरुवार रात से ही पटना, भागलपुर, दरभंगा, बक्सर समेत कई जिलों में बारिश जारी है। बारिश के कारण शुक्रवार को कई निजी स्कूल बंद कर दिए गए हैं, वहीं बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार कार्यक्रमों पर भी असर पड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे तक राज्य में झमाझम बारिश के आसार हैं। अररिया, किशनगंज, मुंगेर, बांका और सुपौल जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। भागलपुर, जमुई, दरभंगा और मधुबनी में भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
विभाग ने बताया कि 2 नवंबर (रविवार) से बादल छंटने लगेंगे और तापमान में गिरावट दर्ज होगी। इससे सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ेगी। गुरुवार को पश्चिमी चंपारण में सबसे अधिक 13.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि पटना में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज हुई।

