पटना, 31 अक्तूबर (पटना डेस्क) जन सुराज पार्टी के नेता दुलारचंद यादव की हत्या के बाद शुक्रवार को उनकी शव यात्रा के दौरान मोकामा में हिंसा भड़क उठी। भीड़ ने शव वाहन पर ईंट-पत्थर बरसाए और गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालात को काबू में करने के लिए भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन नियंत्रण में है।

गुरुवार को चुनावी रंजिश के चलते दुलारचंद यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर और गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हजारों लोगों की भीड़ के बीच अंतिम यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरे क्षेत्र में दुकानें बंद रहीं और लोगों ने न्याय की मांग में नारे लगाए।
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि यह घटना जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह के समर्थकों की साजिश है। हत्या के बाद पूरे मोकामा क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। पुलिस ने हालात संभालने के लिए कई गांवों में कैंप किया है। फिलहाल मोकामा पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

