समस्तीपुर, 02 नवंबर (समस्तीपुर डेस्क) पूर्व मध्य रेल द्वारा चलाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत रविवार को समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर “सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी” विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक “रहे सदा सतर्क” का मंचन किया गया। इस नाटक का निर्देशन अरुण कुमार ने किया।
ज्ञात हो कि 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक पूर्व मध्य रेल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने का संदेश दिया गया। इससे पहले यह नाटक हाजीपुर और दानापुर रेलवे स्टेशन पर भी प्रस्तुत किया गया था, जहां महाप्रबंधक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

नाटक में दिखाया गया कि कैसे रेलवे नौकरी के नाम पर ठग syndicate भोले-भाले लोगों को शिकार बनाते हैं। साथ ही यात्रियों को यह संदेश दिया गया कि ट्रेन में खाने-पीने का सामान केवल लाइसेंसी वेंडरों से ही खरीदें। बिना लाइसेंस वाले विक्रेता अधिक कीमत लेकर घटिया गुणवत्ता का सामान बेचते हैं।
नाटक के एक अन्य भाग में प्रीमियम ट्रेनों से कीमती नल और सावर जैसी वस्तुएं चोरी करने वालों पर रेलवे पुलिस की कार्रवाई को दिखाया गया। वहीं दलालों के जरिए टिकट खरीदने वाले यात्रियों की मुश्किलों को भी प्रस्तुत किया गया।
इस नाटक में उदय कुमार, अरुण कुमार, शिव कुमार पासवान, रंजन कुमार सिंह, संतोष शर्मा, राजेश कुमार, अभय सौरभ, राकेश कुमार, गोपाल चंद्र वर्मा और चंदन कुमार शर्मा सहित कई कलाकारों ने अभिनय किया। ढोलक पर विजय कुमार की थाप ने माहौल जीवंत बनाए रखा।
इस अवसर पर विजिलेंस इंस्पेक्टर भारत भूषण, स्टेशन प्रबंधक और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।

