पटना, 02 नवंबर (पटना डेस्क) पटना के मोकामा में 30 अक्टूबर को हुए दुलारचंद यादव हत्याकांड की जांच अब पुलिस अपराध जांच विभाग (सीआईडी) करेगी। इस संबंध में पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली अनंत सिंह को गिरफ्तार किया है।

सीआईडी द्वारा केस अपने अधीन लेने के बाद डीआईजी जयंत कांत ने घटनास्थल का दौरा कर जांच शुरू की। उन्होंने एफएसएल टीम के साथ मिलकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और कई अहम साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान सीआईडी अधिकारियों को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
सूत्रों के अनुसार, टीम ने घटना में शामिल क्षतिग्रस्त वाहनों की भी जांच की और उनसे फोरेंसिक नमूने एकत्र किए। इसके अलावा, जांचकर्ताओं ने मोकामा टाल क्षेत्र में रेलवे पटरियों पर इस्तेमाल होने वाले पत्थरों को भी बरामद किया। अधिकारियों का कहना है कि इस इलाके में ऐसे पत्थर प्राकृतिक रूप से नहीं पाए जाते, जिससे किसी साजिश की संभावना जताई जा रही है। बरामद नमूनों को फोरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

