गोपालगंज, 02 नवम्बर (निज संवाददाता) जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को जिला मुख्यालय में संघ द्वारा भव्य पथ संचलन निकाला गया। संचलन में सैकड़ों गणवेशधारी स्वयंसेवक शामिल हुए।

पूरा शहर ‘भारत माता की जय’ और ‘जय जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा। पथ संचलन की शुरुआत कमला राय कॉलेज के साइंस ब्लॉक से हुई,जो मौनिया चौक,पोस्ट ऑफिस,अंबेडकर चौक, घोष मोड़,ब्रह्म स्थान होते हुए पुनः मौनिया चौक पर आई,जिसके बाद संचलन कैलाश होटल,ब्लॉक मोड़ व थाना चौक होते हुए वापस कमला राय कॉलेज परिसर में संपन्न हुआ। रास्तेभर जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। संचलन में शामिल स्वयंसेवकों के अनुशासन और एकरूपता ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने हुए थे।
कॉलेज परिसर में पहुंचने के बाद संचलन एक सभा में परिवर्तित हो गई। कार्यक्रम के अंत में संघ की पारंपरिक प्रार्थना के साथ संचलन का समापन हुआ। इस अवसर पर जिला कार्यवाह हेमंत कुमार,जिला प्रचारक जितेश कुमार,विभाग प्रचार प्रमुख कुश नारायण सिंह,जिला सह व्यवस्था प्रमुख चंचल वर्णवाल,सह नगर कार्यवाह विशाल कुमार,तथा विभाग शारीरिक शिक्षण प्रमुख शंभू प्रसाद विहिप विभाग मंत्री रंजीत मिश्र, डॉ. विशाल गुप्ता, ओमप्रकाश सिंह, जयहिंद प्रसाद, परशुराम श्रीवास्तव, भानुप्रताप श्रीवास्तव, मुन्ना तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

