समस्तीपुर, 02 नवम्बर ( समस्तीपुर डेस्क) जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने रविवार को रोसड़ा में भव्य रोड शो कर राजनीतिक माहौल गर्मा दिया। गांधी चौक से शुरू हुए इस रोड शो में उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सिनेमा चौक पर आयोजित सभा में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर तीखा हमला बोला। किशोर ने कहा कि “बिहार से वोट लेकर गुजरात में फैक्ट्रियां लगाई जाती हैं। हमें सस्ता डेटा नहीं, अपने परदेस गए बेटों की वापसी चाहिए।”

उन्होंने बिहार में उद्योग और रोजगार की कमी को लेकर नीतीश कुमार और लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “इन दोनों ने बिहार के बच्चों की पीठ पर मजदूरी का बोरा बांध दिया है, अब जन सुराज उन्हें स्कूल का बस्ता देगा।” किशोर ने लोगों से अपील की कि वे इस बार जात-पात या नेताओं के नाम पर नहीं, बल्कि अपने बच्चों के भविष्य के लिए वोट करें।

रोड शो के दौरान युवाओं ने रोसड़ा को जिला बनाने की मांग उठाई, जिस पर किशोर ने कहा, “पहले पढ़ने-लिखने का ढंग सीखो, ताकतवर बनो, फिर खुद जिला बनवाओ।” कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ी और उनके भाषणों में नई राजनीतिक दिशा की झलक साफ नजर आई।

