
समस्तीपुर, 3 नवंबर (समस्तीपुर डेस्क) भाकपा माले ने ताजपुर नगर परिषद के वार्ड 25, 26, 27 सहित कस्बे आहर, फतेहपुर, रामापुर महेशपुर, रहीमाबाद आदि इलाकों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने मतदाताओं से मोरवा विधानसभा के महागठबंधन के राजद उम्मीदवार रणविजय साहू और समस्तीपुर विधानसभा से अख्तरूल इस्लाम शाहीन को “लालटेन छाप” पर भारी मतों से जीताने की अपील की।
अभियान का नेतृत्व भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया। उनके साथ प्रभात रंजन गुप्ता, संजीव राय और मुंशीलाल राय भी मौजूद थे। जनसभा को संबोधित करते हुए सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से भाजपा-जदयू की नीतीश सरकार में आम जनता को बिना घूस दिए कोई सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा, “मनरेगा, राशन कार्ड, आवास योजना जैसी हर योजना में भ्रष्टाचार फैला है। अंचल, प्रखंड और थाना स्तर तक लूट-घूस का तंत्र बन चुका है। शिकायत करने पर उल्टे शिकायतकर्ता को परेशान किया जाता है।” माले नेता ने आरोप लगाया कि भूमाफिया गरीबों को परेशान कर रहे हैं और हत्या-अपराध की घटनाओं से लोग भयभीत हैं।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता *सरकार बदलने का फैसला करे। सिंह ने मतदाताओं से अपील की कि वे मोरवा और समस्तीपुर समेत जिले के सभी दस विधानसभा क्षेत्रों में महागठबंधन के प्रत्याशियों को जीताकर ऐसी सरकार बनाएं जो जनसरोकार की समस्याओं का समाधान कर सके।

