समस्तीपुर, 3 नवंबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र मतदाता जागरूकता को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में स्वीप कार्यक्रम के तहत एक विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार राज्य स्वीप आइकॉन क्रांति प्रकाश झा का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार ने की, जबकि संचालन नोडल पदाधिकारी सह एनडीसी रजनीश कुमार राय ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में क्रांति प्रकाश झा का स्वागत पुष्पगुच्छ, पाग और चादर ओढ़ाकर किया गया। पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित अधिकारियों ने उन्हें “मतदाता जागरूकता का प्रेरणास्रोत” बताते हुए सम्मानित किया।

अपने संबोधन में क्रांति प्रकाश झा ने कहा, “मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब हर नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा। मैं सभी बिहारवासियों से अपील करता हूं कि 6 नवंबर को मतदान अवश्य करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।” उन्होंने कहा कि हर वोट देश और राज्य की दिशा तय करता है, इसलिए बिहार को मतदान प्रतिशत बढ़ाकर नई मिसाल पेश करनी चाहिए।
अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार ने कहा कि मतदाता ही लोकतंत्र की असली ताकत हैं। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे। वहीं, नोडल पदाधिकारी रजनीश कुमार राय ने कहा कि स्वीप कार्यक्रम केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है जिसमें युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी जरूरी है।
जिला आइकॉन कुंदन कुमार ने बताया कि नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, पोस्टर और फ्लैश मॉब के जरिए लगातार संदेश दिया जा रहा है — “मतदान करें, बिहार गढ़ें।”
कार्यक्रम में *डीआईसी महाप्रबंधक विवेक कुमार शर्मा, **डीपीआरओ सुनीता कुमारी, *सहायक निदेशक सोनाली, मीडिया समन्वयक और कई अधिकारी उपस्थित थे। अंत में सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगे और दूसरों को भी मतदान हेतु प्रेरित करेंगे।

