
पटना, 03 नवम्बर (सेंट्रल डेस्क) पश्चिम चंपारण पुलिस ने एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद किए हैं।
पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र के डुमरा देवराज गांव में चल रही इस मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विवेक दीप के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने किया है। श्री दीप ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर देर रात छापेमारी की गई,जिसमें शंकर शर्मा और अजय शर्मा नाम के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। दोनों अपने घर में अवैध देशी पिस्तौल व कट्टा बनाकर बेचने का काम करते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा,एक एकनाली बंदूक, एक अर्द्धनिर्मित पिस्टल,पांच कारतूस, एक मिसफायर कारतूस, एक खोखा, एक पिस्टल मैगजीन और पिस्टल के कई हिस्से जब्त किए। साथ ही, हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले 31 तरह के उपकरण भी बरामद किए गए है। जिनमें रेती,हथौड़ी, ड्रिल, फ्लायर और स्क्रूड्राइवर जैसी चीजें शामिल हैं। डीएसपी ने बताया कि उक्त बरामदगी गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर की गई हैं। मौके से दो लोग गिरफ्तार हुए हैं और हथियार निर्माण का पूरा सेट बरामद किया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई जिले में अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद और भी खुलासे की संभावना है।

