समस्तीपुर, 5 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पगड़ा गाँव में कुछ अपराधी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए एकत्रित हुए हैं। प्राप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दलसिंहसराय, विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक ईरशाद आलम, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार, क्यूआरटी प्रभारी राहुल कश्यप एवं अन्य अधिकारियों की टीम ने छापामारी की।

पगड़ा चौक बगीचा के पास लाल रंग की बिना रजिस्ट्रेशन नम्बर वाली मारुती स्विफ्ट कार में सवार पाँच अपराधियों—रमेश सहनी, केश कुमार उर्फ राजा चौधरी, अमित कुमार यादव उर्फ सलमान, रितू राज और टोनी कांत भारती को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उनके पास 03 देशी पिस्टल, 09 जिन्दा कारतुस, 07 मोबाइल और वह मारुती स्विफ्ट कार बरामद हुई।
छापामारी के दौरान 02 मोटरसाइकिल पर सवार चार अन्य अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए भागने में सफल हो गए। गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में बताया कि वे दलसिंहसराय बाजार स्थित पुल के पास एक बड़े सोने की दुकान में हथियार के बल पर लूटपाट करने की योजना बना रहे थे।

पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी अपराधियों को भारतीय दंड संहिता 2023 एवं शस्त्र अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई के लिए भेजा। दल में शामिल अधिकारियों और कर्मियों को उचित पुरस्कार देने की घोषणा की गई।

