पटना, 07 नवंबर (पटना डेस्क) शिक्षा विभाग, बिहार सरकार एवं युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार वंदे मातरम गायन के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर में शुक्रवार, 07 नवंबर 2025 को प्रातः 10:00 बजे सिंडिकेट हॉल में वंदे मातरम का सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित यह राष्ट्रीय गीत भारत के स्वतंत्रता संग्राम से गहराई से जुड़ा हुआ है, जिसकी रचना 1870 के दशक में हुई थी और पहली बार 1896 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अधिवेशन में गाया गया था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएसडब्ल्यू प्रो. डॉ. महेश्वर मिश्रा ने की तथा संचालन कार्यक्रम समन्वयक मुनींद्र कुमार सिंह ने किया। कुलपति प्रो. डॉ. संजय कुमार ने अपने संदेश में कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, बलिदान और मातृभूमि के प्रति आभार की भावना को प्रबल बनाना है।

रजिस्ट्रार डॉ. घनश्याम राय ने बताया कि यह आयोजन विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों में किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. अंशु राय, क्रीड़ा सचिव डॉ. संजय मांझी, सुमंत कुमार, सौरव शांडिल्य, गुंजेश कुमार, अवधेश कुमार, मदन कुमार, रवि कुमार व वीरेंद्र कुमार सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम एवं उत्साह की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की।

