बक्सर, 8 नवंबर (विक्रांत) जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने आगामी मतगणना को लेकर स्ट्रॉन्ग रूम और काउंटिंग स्थल की तैयारियों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम, बैरिकेडिंग, सुरक्षा रिंग, प्रवेश-निर्गम नियंत्रण, फोर्स तैनाती और निगरानी प्रोटोकॉल की विस्तृत समीक्षा की।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने 24×7 निगरानी और रिकॉर्ड लॉग के नियमित रखरखाव पर जोर दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संवेदनशील बिंदुओं पर पेट्रोलिंग बढ़ाने और बल की तैनाती को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने काउंटिंग हॉल के लेआउट, टेबल प्लानिंग, मीडिया जोन, ट्रैफिक नियंत्रण, फायर सेफ्टी, बैरिकेडिंग तथा बिजली-पानी आपूर्ति की स्थिति का भी जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मतगणना से पहले सभी तैयारियों को पूर्णतया मानक SOP के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा। जिला जन संपर्क विभाग के अनुसार, प्रशासन निष्पक्षता, पारदर्शिता और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के साथ मतगणना कराने के लिए पूर्णतः तत्पर है।

