समस्तीपुर, 12 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत 14 नवम्बर को होने वाली मतगणना की तैयारियों का जायजा लेने के लिए 135-मोरवा विधानसभा क्षेत्र की प्रेक्षक श्रीमती बी. महेश्वरी ने बुधवार को समस्तीपुर कॉलेज परिसर स्थित वज्रगृह और मतगणना कक्ष का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना टेबलों की संरचना, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली तथा प्रवेश नियंत्रण प्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। श्रीमती महेश्वरी ने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और मतगणना दिवस पर सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मौके पर मौजूद निर्वाचित पदाधिकारी सह डीसीएलआर पटोरी रोहित कुमार और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर मतगणना प्रक्रिया की समीक्षा की। तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित हैं। साथ ही निर्देश दिया कि मतगणना समयबद्ध, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में कराई जाए।

