पटना, 12 नवम्बर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक दलों ने आसमान को भी रणभूमि में बदल दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, इस चुनावी मौसम में विभिन्न दलों ने हेलीकॉप्टर प्रचार पर 72 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए हैं।

16 अक्टूबर के बाद से पटना एयरपोर्ट पर उड़ानों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई। एनडीए, महागठबंधन और अन्य दलों के नेता लगातार हवाई यात्राओं के माध्यम से प्रचार अभियान चला रहे थे।
आंकड़ों के अनुसार, पटना एयरपोर्ट से प्रतिदिन औसतन 25 हेलीकॉप्टर उड़ान भरते रहे। अब तक कुल 600 से अधिक हेलीकॉप्टर और 40 चौपर उड़ चुके हैं। लैंडिंग और डिपार्चर को मिलाकर 1,200 से अधिक हेलीकॉप्टर और 80 चौपर मूवमेंट दर्ज किए गए।
यह आंकड़ा बताता है कि इस बार का चुनाव प्रचार न केवल जमीन पर, बल्कि आसमान में भी उतना ही गर्म रहा।

