पटना, 13 नवम्बर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले सासाराम में बुधवार देर रात बड़ा हंगामा हो गया। दिनारा विधानसभा के स्ट्रांग रूम का सीसीटीवी कैमरा बंद होने और एक ट्रक के स्ट्रांग रूम परिसर में प्रवेश करने के बाद प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। तकिया बाजार समिति में बने स्ट्रांग रूम के बाहर माहौल इतना गरम हो गया कि स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

सूत्रों के अनुसार, देर रात करीब 11 बजे प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि स्ट्रांग रूम का कैमरा बंद है, जिससे अंदर की गतिविधियों की निगरानी संभव नहीं हो पा रही। इसी बीच एक ट्रक परिसर में घुसा और तीन घंटे बाद बाहर निकला। इससे आक्रोशित प्रत्याशियों और समर्थकों ने ट्रक को रोक लिया और प्रशासन पर ईवीएम में छेड़छाड़ का आरोप लगाया। देखते ही देखते सातों विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी समर्थकों के साथ गेट पर जुट गए और जमकर नारेबाजी करने लगे।
हंगामा बढ़ने पर रात करीब 2:30 बजे भारी पुलिस बल तैनात किया गया। लाठीचार्ज में दिनारा के प्रत्याशी सत्येंद्र शाह और एक पत्रकार घायल हो गए। हालांकि पुलिस अधीक्षक ने लाठीचार्ज की बात से इनकार किया है। जिलाधिकारी उदिता सिंह ने बताया कि ट्रक चेनारी विधानसभा का था और उसमें खाली बक्से थे। फिलहाल परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

