समस्तीपुर, 13 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त समीक्षा बैठक की और विधि-व्यवस्था, सुरक्षा तथा यातायात को लेकर कई सख्त निर्देश जारी किए।

डीएम ने बताया कि मतगणना स्थल समस्तीपुर कॉलेज को विभिन्न सेक्टरों में बांटा गया है। ड्रॉप गेट पर सभी की पहचान पत्र जांच की जाएगी और बिना आईडी किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। सभी अभ्यर्थी, निर्वाचन अभिकर्ता और कर्मियों को हाउसिंग बोर्ड मैदान में वाहन पार्क कर पैदल मतगणना केंद्र तक पहुंचना होगा।
मतगणना हाल में मोबाइल, लैपटॉप या किसी भी रिकॉर्डिंग डिवाइस का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी अभ्यर्थी को अपने निजी सुरक्षा गार्ड के साथ अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। मीडिया कर्मियों को केवल पास के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा और उन्हें जिला जनसंपर्क अधिकारी के साथ ही अंदर जाने की अनुमति होगी।
डीएम ने मतगणना स्थल पर एंबुलेंस, चिकित्सक, अग्निशमन वाहन और पानी की आपूर्ति की विशेष व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया। वहीं, किसी भी प्रकार के विजय जुलूस या भीड़ जुटाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को हाई-सिक्योरिटी जोन घोषित किया है।

