पटना, 17 नवम्बर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल ने आज पटना में चार घंटे तक चली महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के पोलो रोड स्थित आवास पर आयोजित इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी रणनीति, संगठनात्मक कमियों और संभावित आगे की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में सर्वसम्मति से तेजस्वी यादव को आरजेडी विधायक दल का नेता चुना गया। चुनाव में राजद केवल 25 सीटें जीत पाई, जिसे लेकर बैठक में तीखी समीक्षा हुई। विधायक आलोक मेहता ने कहा कि “चुनाव में गंभीर गड़बड़ी” हुई है और इसी कारण इतना चौंकाने वाला परिणाम सामने आया।
राजद नेता रामानुज यादव के अनुसार, बैठक में हर एक उम्मीदवार और प्रदेश नेताओं का रिपोर्ट कार्ड देखा गया। साथ ही चुनाव परिणामों को चुनौती देकर अदालत जाने के विकल्प पर भी विचार किया गया। इस बाबत महागठबंधन के सहयोगी दलों की राय लेने का निर्णय लिया गया है।
लालू परिवार में जारी विवाद के बावजूद बैठक में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती भी मौजूद रहीं। इसके अतिरिक्त पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, बाहुबली नेता सूरजभान सिंह, विधायक भाई वीरेंद्र समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने बैठक में शिरकत की।
राजद नेतृत्व का कहना है कि पार्टी आने वाले दिनों में संगठन को नए सिरे से खड़ा करने और विपक्ष की भूमिका को मजबूत करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार करेगी।

