नई दिल्ली, 17 नवम्बर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड की एवरग्रीन अदाकारा रेखा के कमबैक की चर्चा तेज हो गई है। 71 साल की उम्र में भी काम करने की इच्छा रखने वाली रेखा लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं। पिछले 11 साल में न तो उनका कोई लीड रोल आया, न ही कैमियो। हाल ही में उनके दोस्त और डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने इस पर खुलासा किया।

मनीष मल्होत्रा इन दिनों विजय वर्मा और फातिमा सना शेख की फिल्म ‘गुस्ताख इश्क’ के प्रचार में बिजी हैं। बातचीत में उन्होंने बताया कि रेखा को फिल्म में गेस्ट अपीरियंस के तौर पर लेने की योजना थी, लेकिन रोल बहुत छोटा था। उन्होंने कहा कि रेखा बड़े रोल की हकदार हैं, इसलिए उन्होंने डायरेक्टर विभु पुरी के फैसले का सम्मान किया।
मनीष ने साफ किया कि गुस्ताख इश्क में रेखा नहीं हैं, लेकिन सही स्क्रिप्ट और रोल मिलने पर उन्हें जरूर कास्ट किया जाएगा। फिल्म उद्योग में उनका करियर चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में शुरू हुआ। साल 1970 में फिल्म ‘सावन भादो’ से डेब्यू करने के बाद उन्होंने कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं। 2014 में ‘सुपर नानी’ और 2018 में ‘यमला पगला दीवाना फिर से’ के कैमियो के बाद वह 11 साल से फिल्मों से दूर हैं।
इसके बावजूद, रेखा की संपत्ति लगभग 332 करोड़ रुपये आंकी जाती है। बॉलीवुड में उनकी लोकप्रियता और करियर की लंबी विरासत को देखते हुए उनके कमबैक की उम्मीद फैंस में जोश भर रही है। अब सबकी नजरें इंतजार कर रही हैं कि रेखा किस शानदार भूमिका के साथ फिर पर्दे पर लौटेंगी।

