नई दिल्ली, 18 नवम्बर (अशोक “अश्क”) सलमान खान की सुपरहिट फ्रेंचाइज़ी दबंग एक बार फिर चर्चा में है। 2010 में शुरू हुई इस मसीहा-स्टाइल पुलिस ड्रामा सीरीज़ की तीनों किस्तें दबंग, दबंग 2 और दबंग 3 बॉक्स ऑफिस पर सफल रहीं। 2019 में रिलीज़ दबंग 3 के बाद से ही फैंस दबंग 4 का इंतज़ार कर रहे थे। अब फैंस के लिए अच्छी खबर है दबंग 4 पर काम शुरू हो चुका है।

अरबाज़ खान ने एक इंटरव्यू में इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि फिल्म “पाइपलाइन में है, लेकिन इसकी टाइमलाइन तय नहीं हुई है।” उन्होंने बताया कि फैंस लगातार पूछते रहते हैं कि दबंग 4 कब आएगी, और उनका जवाब भी वही रहता है “हम इस पर काम कर रहे हैं, जल्दी नहीं है। यह ज़रूर बनेगी, लेकिन कब यह कहना मुश्किल है।”
अरबाज़ ने कहा कि फिल्म पर सलमान खान और पूरी टीम विचार कर रही है। उनका मानना है कि जब भी यह बनेगी, फैंस के लिए इसे देखना किसी बड़े उत्सव से कम नहीं होगा।
गौरतलब है कि पहली दबंग का निर्देशन अभिनव कश्यप ने किया था, जिसमें सलमान के ‘चुलबुल पांडे’ अवतार को ज़बरदस्त लोकप्रियता मिली। सोनाक्षी सिन्हा फिल्म में रज्जो के रूप में नज़र आई थीं। एक्शन, ह्यूमर, म्यूज़िक और मसाला एंटरटेनमेंट के मिश्रण के कारण ‘दबंग’ बॉलीवुड की सबसे सफल फ्रेंचाइज़ी में शामिल हो गई।
2012 में आई दबंग 2 का निर्देशन खुद अरबाज़ खान ने किया था, जबकि 2019 में आई दबंग 3 का निर्देशन प्रभु देवा ने किया।
सलमान खान फिलहाल टीवी रियलिटी शो बिग बॉस 19 होस्ट कर रहे हैं। इसके साथ ही वह अपूर्व लाखिया द्वारा निर्देशित आगामी फिल्म बैटल ऑफ गलवान की शूटिंग में व्यस्त हैं, जो 2026 में रिलीज़ होगी।

