समस्तीपुर, 19 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर प्रखंड के विशनपुर चौक पर बुधवार को इंदिरा स्मारक कमिटी की ओर से भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कमिटी के संयोजक ठाकुर मनोज भारद्वाज ने की, जबकि संचालन समाजसेवी डोमन राय और धन्यवाद ज्ञापन राकेश कुमार ठाकुर ने किया।

ट्रेड यूनियन नेता सुधीर देव ने इंदिरा गांधी को राष्ट्रनिर्माण की “आयरन लेडी” बताते हुए कहा कि उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के लिए आर्थिक सुधार लागू किए, बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया और हरित क्रांति की शुरुआत कर देश की खाद्य सुरक्षा मजबूत की। समाजसेवी राकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि इंदिरा गांधी ने महिलाओं के अधिकारों को सशक्त किया और खेतिहर महिला मज़दूरों को समान वेतन देने का मार्ग प्रशस्त किया।

संयोजक ठाकुर मनोज भारद्वाज ने अपने संबोधन में बताया कि 1974 के परमाणु परीक्षण और ऑपरेशन मेघदूत के जरिये इंदिरा गांधी ने भारत की सामरिक क्षमता को नई ऊंचाई दी। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

