समस्तीपुर, 22 नवंबर (राजेश झा) मध्य विद्यालय धुरलख में क्षमतालय फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित लर्निंग फेस्टिवल, जो 17 नवंबर 2025 से चल रहा था, शनिवार को समापन समारोह सह शिक्षक सम्मान कार्यक्रम के रूप में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन कर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रा०शि० एवं सर्व शिक्षा अभियान) श्री जमालुद्दीन ने किया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री श्रीनाथ ठाकुर ने स्वागत भाषण में कहा कि विद्यालय निरंतर नवाचारों के माध्यम से शिक्षण-अधिगम को सरल, रोचक और प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि लर्निंग फेस्टिवल बच्चों में रचनात्मकता और सीखने की ललक बढ़ाने का सशक्त मंच रहा।

उद्घाटन संबोधन में डीपीओ श्री जमालुद्दीन ने विद्यालय और क्षमतालय फाउंडेशन की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय पहल बताया। उन्होंने विज्ञान, बोर्ड गेम, पेंटिंग, नाटक, स्टोरी लिटरेचर और किचन गार्डन सहित सभी स्टूडियो का भ्रमण कर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
समारोह में शिक्षिका संगीता कुमारी, मनीषा कुमारी, जयंती कुमारी और फरहत नाज—जो हाल ही में स्थानांतरण एवं प्रोन्नति पाकर विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में हेड टीचर के रूप में पदस्थापित हुई हैं—को पाग-चादर एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन उ. उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती अंजनी कुमारी ने किया, जबकि मंच का संचालन शिक्षक श्री अनिल कुमार पांडेय ने किया। समारोह में छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

