पटना, 23 नवम्बर (पटना डेस्क) दरभंगा में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना सदर थाना क्षेत्र स्थित दरभंगा-मुजफ्फरपुर मार्ग पर दिल्ली मोड़ बस स्टैंड के पास हुई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को डीएमसीएच भेजा, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो तेज गति से अनियंत्रित होकर अचानक हवा में उछली और विपरीत लेन में जाकर डिवाइडर से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना सबसे पहले एक ट्रक चालक ने हाईवे पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हाईवे मोबाइल के इंस्पेक्टर शशिभूषण सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
मृतकों की पहचान मधेपुरा जिले के रैभी गांव निवासी प्रमोद यादव के परिजनों के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रमोद के पुत्र गुड्डू कुमार अपनी बीमार मां का पटना के आईजीआईएमएस से इलाज करवाकर लौट रहे थे। रास्ते में यह हादसा हो गया। दुर्घटना में गुड्डू के मामा, मौसा और स्कॉर्पियो चालक की मौत हुई है, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हैं। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

