पटना, 25 नवम्बर (पटना डेस्क) बिहार पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) ने फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार सीएसबीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

सीएसबीसी के अनुसार PET परीक्षा 15 दिसंबर से आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में उल्लेखित सेंटर और समय के अनुसार उपस्थित होना अनिवार्य है। इसमें टेस्ट स्थल, रिपोर्टिंग टाइम और जरूरी निर्देश स्पष्ट रूप से दिए गए हैं। बिना एडमिट कार्ड किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं मिलेगा।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर बिहार पुलिस सेक्शन में PET एडमिट कार्ड लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन नंबर या मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और कोड दर्ज कर एडमिट कार्ड प्राप्त किया जा सकता है। प्रिंट निकालकर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
जो उम्मीदवार ऑनलाइन एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं, वे 12 और 13 दिसंबर को पटना स्थित केंद्रीय चयन पर्षद कार्यालय से डुप्लीकेट एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। कार्यालय सुबह 10 से शाम 5 बजे तक खुला रहेगा।
इस भर्ती में कुल 19,838 पदों के लिए PET आयोजित किया जा रहा है। परीक्षा में 99,690 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें 62,822 पुरुष, 36,834 महिलाएं और 34 ट्रांसजेंडर उम्मीदवार शामिल हैं। इसके अलावा गृह रक्षक श्रेणी के 867 और स्वतंत्रता सेनानी श्रेणी के 622 अभ्यर्थियों को भी शामिल किया गया है।

