नालंदा, 25 नवम्बर (अविनाश पांडेय) अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल राजगीर से उत्पाद विभाग ने इंग्लिश शराब का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। हालांकि छापेमारी के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। शराब माफियाओं ने बोतलों को जमीन में डंप कर छुपा रखा था, जिसकी जानकारी उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना के आधार पर मिली।सब-इंस्पेक्टर निधि के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में विभाग की छापेमारी टीम ने विभिन्न ब्रांड की कुल 499 भारी बोतलें जब्त की।

टीम में एएसआई अश्वनी कुमार पासवान, सिपाही अमरीश कुमार समेत अन्य कर्मी शामिल थे। छापेमारी राजगीर थाना क्षेत्र के बकसू गांव स्थित जंगल के आसपास की गई।उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि तलाशी के दौरान जमीन के अंदर गड्ढे में छुपाकर बड़ी मात्रा में शराब रखी गई थी। विदेशी शराब के इस अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य विक्रेता का अब तक पता नहीं चल सका है, लेकिन विभाग की टीम लगातार छापेमारी में जुटी है और जल्द ही मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी की उम्मीद है।अधिकारी ने कहा कि उत्पाद विभाग शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

