समस्तीपुर, 27नवम्बर (मोहम्मद जमशेद) विशनपुर पंचायत के अधिवक्ता एवं समाजसेवी सुरेश चन्द्र ठाकुर ‘निराला’ का निधन कल उनके पैतृक आवास पर हो गया। वे 78 वर्ष के थे और पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे। वे अपने पीछे पुत्र समाजसेवी ठाकुर मनोज भारद्वाज, लोजपा नेता नीरज भारद्वाज सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

सुरेश ठाकुर ने अपने विधिक जीवन की शुरुआत समस्तीपुर कोर्ट में स्व. सूरज नारायण सिन्हा के जूनियर के रूप में की थी। बाद में उन्होंने चंपारण शुगर फैक्ट्री, चनपटिया में विधि सह श्रम पदाधिकारी के रूप में सेवाएं दीं। अवकाश के बाद वे स्व. दिनेश राय ‘दीन’ के साथ वर्षों तक वकालत से जुड़े रहे। मिलनसार स्वभाव और अंग्रेजी के विद्वान के तौर पर उनकी अलग पहचान थी।आज गंगा तट स्थित सिमरिया में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि बड़े पुत्र ठाकुर मनोज भारद्वाज ने दी। शवयात्रा में सैकड़ों ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। स्थानीय विधायक अश्वमेघ देवी और विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।न्यू समस्तीपुर पब्लिक स्कूल के निदेशक संजीव कुमार ठाकुर सहित अनेक सामाजिक-राजनीतिक हस्तियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

