
समस्तीपुर, 28 नवंबर (मोहम्मद जमशेद) जिले की युवा प्रतिभाओं को मंच देने वाले दो दिवसीय जिला युवा उत्सव 2025 का आगाज़ शुक्रवार को कर्पूरी सभागार में उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ डीएम रोशन कुशवाहा, डीडीसी शैलजा पांडेय, एनडीसी रजनीश कुमार राय और जिला कला-संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीएम रोशन कुशवाहा ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं की छिपी प्रतिभाओं को मंच ही नहीं, बल्कि नई उड़ान भी प्रदान करते हैं। उन्होंने जिले के प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं।
पहले दिन जिलेभर से आए युवा कलाकारों ने समूह लोकनृत्य, लोकगीत, कविता पाठ, नाट्य कला, चित्रकला और पेंटिंग जैसी विधाओं में अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
कार्यक्रम में वरीय उप समाहर्ता पुष्पिता झा, एसडीसी धर्मराज कुमार, एसडीसी अंजली कुमारी, सहायक निदेशक दिव्यांगजन सोनाली सहित कई विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के चयनित निर्णायक मौजूद रहे। संचालन अनंत कुमार राय व सौरभ कुमार ने किया। समापन व पुरस्कार वितरण समारोह शनिवार को होगा।

