समस्तीपुर, 28 नवम्बर (मोहम्मद जमशेद) ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार चौधरी ने स्थानीय आरबी कॉलेज में आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025 का उद्घाटन करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत केवल क्षणिक होती है और असली सफलता गलतियों से सीखकर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने में है। उन्होंने खेल को सर्वांगीन विकास का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है।

प्रतियोगिता का आयोजन कुलपति के संरक्षण, प्राचार्य डॉ. वीरेन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता एवं खेल पदाधिकारी उदय शंकर विद्यार्थी के नेतृत्व में हुआ। आगत अतिथियों का मिथिला की परंपरा अनुसार पाग, शॉल एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया गया और कुलपति ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
पुरुष वर्ग में सात और महिला वर्ग में तीन महाविद्यालयों ने भाग लिया। क्वार्टर फाइनल में आरबी कालेज ने केएसआर कालेज को 3/1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में आरबी कालेज का मुकाबला एमटीटी कालेज, मधुबनी से होगा। प्रतियोगिता में अमरीश कुमार चीफ रेफरी, अभिषेक इन्दीवर अम्पायर और दीपक कुमार सहायक के रूप में सक्रिय रहे।

