पटना, 29 नवम्बर (पटना डेस्क) बिहार में शनिवार की सुबह कानून व्यवस्था की सबसे बड़ी कार्रवाई देखने को मिली, जब 8 जिलों की जेलों में एक साथ तड़के छापेमारी की गई। पटना, पूर्णिया, बेगूसराय, मोतिहारी, मुंगेर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और गया की जेलों में SP-DM के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने सुबह-सुबह धावा बोला और वार्ड से लेकर किचन-बाथरूम तक की कड़ी जांच की।

सूत्रों के मुताबिक छापेमारी के दौरान पटना की बेऊर जेल में बंद बाहुबली अनंत सिंह की सेल की भी गहन तलाशी ली गई। डिप्टी CM सम्राट चौधरी पहले ही जेलों में सख्ती बढ़ाने और मोबाइल-बाहरी खाना रोकने की घोषणा कर चुके थे, जिसके बाद यह कार्रवाई बेहद अहम मानी जा रही है।
बेगूसराय जेल में सुबह 9 बजे डीएम तुषार सिंगला और एसपी मनीष के नेतृत्व में सैकड़ों पुलिसकर्मी अचानक जेल में घुस पड़े। कैदियों की तलाशी और बैरकों की जांच घंटों चली।
पूर्णिया सेंट्रल जेल में 50 से अधिक जवानों के साथ सुबह 6 से 8 बजे तक तलाशी चली। यहां कुख्यात फूंकेश सिंह और पूर्व विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल बंद हैं, जिनकी बैरकों की भी जांच की गई
बेऊर जेल, पटना में सबसे पहले सुबह 5 बजे सिटी एसपी (पूर्वी- मध्य) और एडीएम की टीम पहुंची और सभी वार्डों को खंगाल डाला।
मुंगेर में तो रात ढाई बजे ही डीएम-एसपी के साथ 72 जवानों ने रेड मारी, हालांकि पुलिस को कुछ खास नहीं मिला।
मोतिहारी सेंट्रल जेल में *सुबह 5 बजे, जबकि *गया जेल में सुबह 8 बजे शुरू हुई तलाशी दो-दो घंटे चली।
राज्यभर में हुई इस अचानक कार्रवाई से जेल प्रशासन से लेकर कैदियों तक में खलबली मच गई है।

