नई दिल्ली, 29 नवम्बर (अशोक “अश्क”) यूरोप की विमान निर्माता दिग्गज कंपनी एयरबस ने शुक्रवार को दुनिया को चौंकाते हुए अपने ए320 परिवार के करीब 6000 विमानों को तुरंत प्रभाव से वापस बुलाने का ऐलान किया। कंपनी का कहना है कि इन विमानों में आवश्यक सॉफ्टवेयर बदलाव किए जाने हैं। इस कदम का असर सीधे तौर पर वैश्विक हवाई यातायात पर पड़ सकता है, खासकर ऐसे समय में जब क्रिसमस के दौरान एयर ट्रैवल अपने चरम पर होता है।
एयरबस के कुल 11,300 संचालित ए320 विमानों में से लगभग आधे पर यह रिकॉल लागू होगा। कंपनी के 55 वर्षों के इतिहास में इसे सबसे बड़ा रिकॉल बताया जा रहा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि जब बयान जारी हुआ, तब दुनिया भर की 350 से ज्यादा ऑपरेटर्स के करीब 3000 ए320 विमान हवा में उड़ रहे थे।

सॉफ्टवेयर अपडेट भले ही तकनीकी रूप से कठिन न हो, लेकिन इसके लिए प्रत्येक विमान को रिपेयर सेंटर में कम से कम दो घंटे तक खड़ा करना आवश्यक होगा। अमेरिका, दक्षिण अमेरिका, चीन, यूरोप, भारत और न्यूजीलैंड समेत कई देशों की उड़ान सेवाएं अब बाधित या विलंबित होने की आशंका है।
मेंटिनेंस विभाग पहले ही भारी दबाव में है और कर्मचारियों की कमी ने चुनौती और बढ़ा दी है। ऐसे में हवाई सेवाओं के सामान्य होने में लंबा समय लगने का अनुमान है। वर्तमान में अमेरिकन एयरलाइंस के पास ए320 फैमिली के *475 विमान, जबकि भारत की इंडिगो के बेड़े में *312 विमान शामिल हैं।

