गोपालगंज, 29 नवम्बर (निज संवाददाता) जिले के महमदपुर थाना क्षेत्र के राधे होटल के समीप शुक्रवार की देर शाम ड्यूटी पर लगे एक होमगार्ड जवान को अनियंत्रित पिकअप ने कुचल दिया। हादसे में घायल होमगार्ड जवान की इलाज के दौरान गोरखपुर में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

मृतक बैकुंठपुर थाने के बनौरा गांव निवासी स्व. रामदेव सिंह के 42 वर्षीय पुत्र बलबीर कुमार सिंह है।जानकारी के अनुसार होमगार्ड जवान बलबीर कुमार शुक्रवार की शाम अपने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान वे राधे होटल पर खाना खाकर सड़क किनारे खड़ी पुलिस गाड़ी पर चढ़ने ही जा रहे थे कि अचानक एक अनियंत्रित पिकअप उन्हें कुचल दिया और चालक मौके से फरार हो गया।

धक्का लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट आने के कारण वे बुरी तरह लहूलुहान हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया,जहां मेडिकल कॉलेज में शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।-मौत के बाद माहौल गमगीनजवान की मौत की खबर मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे। थानाध्यक्ष श्यानारायण प्रसाद ने पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है। बलबीर कुमार सिंह पीछे अपनी पत्नी, एक छोटे बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया है। पुलिस अब फरार पिकअप चालक की तलाश में जुट गई है। वही पुलिस लाइंस में जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी देकर उनका शव सम्मान के साथ घर भेज दिया।

