पश्चिम चंपारण, 30 नवम्बर (निज संवाददात) बेतिया के मझौलिया थाने की पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो 110 ग्राम चरस के साथ एक महिला सहित चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। बेतिया सदर एसडीपीओ विवेक दीप ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जिले में सघन वाहन जांच अभियान व प्रभावी गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में मझौलिया थाना क्षेत्र के माधोपुर ग्रीन प्लांट के पास थानाध्यक्ष अवनीश कुमार गश्ती कर रहे थे। जहां पुलिस टीम ने देखा कि दो बाइक पर सवार कुछ लोग पुलिस वाहन को देखते ही भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा कर दोनों बाइकों को रोक कर तलाशी लिया। जिस दौरान दोनों बाइकों से कुल 35 पैकेट संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ।पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने स्वीकार किया कि सभी पैकेट चरस के ही हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों बाइकों को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार तस्करों में मोतिहारी निवासी
रूपेश कुमार,नागेन्द्र ठाकुर,
चिराग अली व मुजफ्फरपुर निवासी
रेखा देवी शामिल हैं।
बरामद मादक पदार्थ का वजन 20 किलो 110 ग्राम पाया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि चारों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन पर मादक पदार्थ तस्करी का मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

