समस्तीपुर, 01 दिसम्बर (समस्तीपुर डेस्क) शहर के भोला टॉकीज चौक के पास रेलवे गुमटी संख्या 53A पर प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में बहुप्रतीक्षित ROB निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह कदम आमलोगों की लंबित मांगों को देखते हुए उठाया गया है।

निर्माण कार्य में जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर चरणबद्ध तरीके से कार्य शुरू किया। प्रथम चरण में सड़क पर लगे बिजली के खंभों और तारों को हटाने का काम किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी काम समय सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा।

कुछ दिनों पूर्व रेल प्रशासन और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक में ROB निर्माण से संबंधित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई और अंतिम निर्णय लिया गया। आमलोगों की सुविधा के लिए सड़कों को चिन्हित किया गया और संबंधित जानकारी जनता तक पहुंचा दी गई है, ताकि निर्माण के दौरान आवागमन में कोई असुविधा न हो।

आज अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार अपने काफिले के साथ स्थल पर पहुंचे और निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस ROB के बनते ही भोला टॉकीज चौक का ट्रैफिक जाम कम होने और आवागमन में सुविधा बढ़ने की उम्मीद है।

