समस्तीपुर, 02 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) विद्यापतिनगर। थाना क्षेत्र के मड़वा ढाला के समीप एनएच 122बी पर शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में घायल वृद्ध मो. शमीम उर्फ़ फूलो (65) ने रविवार देर शाम इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत के निवासी शमीम रोज़ की तरह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज़ रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में उनके सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों व परिजनों ने तुरंत उन्हें एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सकों की कोशिश के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।मौत की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश भी फैल गया। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों और परिजनों ने मुआवज़े की मांग को लेकर मड़वा ढाला के समीप मुख्य पथ को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। अचानक हुए जाम से आवागमन ठप हो गया और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।मृतक की पत्नी रेहाना खातून ने बताया कि मो. शमीम ठेला चलाकर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार मुआवज़े की मांग कर रहा है। थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर एसआई सलीम रज़ा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

